पटना , मार्च 26 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के माध्यम से विकसित बिहार के निर्माण की मजबूत आधारशिला रखी गई है।
श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि यह यात्रा आने वाले दिनों में बिहार को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी और राज्य में विकास की गति को नई रफ्तार देने की पटकथा लिखेगी।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 15 जनवरी से प्रारंभ हुई समृद्धि यात्रा के तहत श्री कुमार ने बिहार के सभी जिलों का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पहले से संचालित विकास योजनाओं की प्रगति का बारीकी से निरीक्षण किया और साथ ही कई नई विकास परियोजनाओं की सौगात भी जनता को दी, जिसका उद्देश्य राज्य के सभी जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, उद्योग और स्वरोजगार के क्षेत्र में बुनियादी ढाँचे को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाना है। उन्होंने कहा कि श्री कुमार का उदेश्य है कि विकास की गति गाँव-गाँव और समाज के हर वर्ग तक पहुँचे तथा 'न्याय के साथ विकास' का संकल्प और अधिक मजबूती के साथ धरातल पर साकार हो सके।
श्री कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की नीतियाँ हमेशा से जनकेंद्रित रही हैं। उन्होंने जनता की आकांक्षाओं और आवश्यकताओं को समझते हुए योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने का काम किया है। यही कारण है कि आज बिहार विकास और प्रगति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और राज्य की छवि भी निरंतर सुदृढ़ हो रही है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँच रहा है। जो लोग कभी विकास की मुख्यधारा से दूर थे, आज वह भी विकास की इस यात्रा के सहभागी बन रहे हैं। विकास की रोशनी अब उन घरों और बस्तियों तक पहुँच रही है, जहाँ वर्षों तक उपेक्षा, अभाव और पिछड़ेपन का अंधेरा छाया रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित