पटना, मार्च 10 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का तृतीय चरण कोशी-सीमांचल के समग्र विकास को नई रफ्तार देगा। श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की समृद्धि यात्रा का तृतीय चरण कोशी-सीमांचल क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई दिशा प्रदान करने में मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा क्षेत्र के विकास का नया अध्याय लिखने के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को भी नई गति प्रदान करेगी।
श्री कुशवाहा ने कहा कि 10 से 14 मार्च के बीच मुख्यमंत्री श्री कुमार कोशी-सीमांचल समेत 10 जिलों का दौरा करेंगे तथा विभिन्न विकास योजनाओं का जमीनी अवलोकन करेंगे। इस दौरान कई महत्वपूर्ण विकासात्मक परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन भी किया जाएगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उद्योग सहित सभी क्षेत्रों के आधारभूत ढाँचे के विकास को नई दिशा मिलेगी।
श्री कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के कुशल नेतृत्व में बीते दो दशकों के दौरान बिहार ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। उनकी दूरदर्शी सोच और सशक्त विजन का ही परिणाम है कि कभी बीमारू राज्यों की श्रेणी में गिना जाने वाला बिहार आज विकास के नए-नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि 14 करोड़़ बिहारियों को अपना परिवार मानते हुए मुख्यमंत्री श्री कुमार हर वर्ग की तरक्की, उन्नति और खुशहाली के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की समृद्धि यात्रा आने वाले दिनों में बिहार को देश के शीर्ष 10 विकसित राज्यों में शामिल करने के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा राज्य के समग्र विकास को नई दिशा प्रदान करेगी। साथ ही यह भावी पीढ़ियों के लिए स्वर्णिम बिहार के निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित