बीकानेर , फरवरी 01 -- राजस्थान के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह समृद्धि,समावेश और सुरक्षा की ओर अग्रसर ले जाने वाला बजट है।
श्री गोदारा ने रविवार को यहां कहा कि भारत सरकार के 'विकसित भारत - 2047' के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण नेआज एक ऐतिहासिक और युवा-केंद्रित बजट पेश किया। यह बजट 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के मार्गदर्शक सिद्धांत पर चलते हुए एक नए भारत के निर्माण का आधार है।
उन्होंने कहा कि बजट में गरीब, युवा, किसान और महिला-सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। आत्मनिर्भर भारत को और गति देते हुए, विनिर्माण और तकनीकी क्षेत्र में नई योजनाओं की घोषणा की गयी है। किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए, कृषि अवसंरचना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए रिकॉर्ड आवंटन किया गया है।
श्री गोदारा ने कहा कि बजट में रोजगार सृजन पर जोर देते हुए, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) को प्रोत्साहन और नए स्टार्ट-अप्स को सहयोग देने की घोषणा की गई है। देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को ध्यान में रखते हुए, रक्षा बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। देश के युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे रखने के लिए शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रमों का विस्तार किया गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को मजबूती देते हुए, स्वास्थ्य सुविधाओं के आधुनिकीकरण पर विशेष बल दिया गया है।
उन्होंने कहा कि यह बजट राजस्थान के विकास के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा। राज्य में कृषि, पर्यटन, खनिज संपदा और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को इस बजट से नई गति मिलेगी। राजस्थान की जनता के कल्याण और प्रदेश के समग्र विकास के लिए हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संकल्पित है। हम राजस्थान को एक विकसित और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। यह बजट राजस्थान की प्रगति और उसके गौरवशाली भविष्य की नई कहानी लिखेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित