नयी दिल्ली , दिसंबर 16 -- केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को लोक सभा में बताया कि पिछले कुछ महीनों में देश से समुद्री उत्पादों के निर्यात में खासी बढ़ोतरी दर्ज की गयी है।
श्री गोयल ने प्रश्न काल के दौरान एक पूरक प्रश्न के उत्तर में बताया कि पिछले कुछ महीनों में यूरोपीय संघ के देशों को समुद्री उत्पादों के निर्यात में करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। उन्होंने कहा कि समुद्री उत्पादों के निर्यात के क्षेत्र में व्यापक संभावनायें हैं। निर्यात दिशा पहल के माध्यम से निर्यात में वृद्धि के प्रयास किये जा रहे हैं और इसमें खासी सफलता हासिल की गयी है। मत्स्य पालन मंत्रालय के साथ मिलकर मछली उत्पादों के निर्यात में बढ़ोतरी के प्रयास किये जा रहे हैं और इस क्षेत्र में व्यापक संभावनायें देखी जा रही हैं।
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री राम नाथ ठाकुर ने एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि सरकार किसानों के कल्याण के लिए हर आवश्यक मदद मुहैया कराने को तैयार है। राज्य सरकारों की इस मामले में लगातार मदद की जा रही है। किसानों को केन्द्र सरकार की ओर से दी जाने वाली प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत केन्द्र सरकार किसानों के केवाईसी और अन्य दस्तावेजों के मिलान में मदद करती है। सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक किसान केन्द्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठायें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित