लखनऊ , जनवरी 26 -- गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण ने तिलक मार्ग स्थित आवास/कैम्प कार्यालय एवं पुलिस मुख्यालय गोमती नगर विस्तार में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और अधिकारियों-कर्मचारियों को संविधान आधारित पुलिसिंग की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर राजीव कृष्ण ने प्रदेश के सभी पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पुलिस प्रोफेशनलिज्म, तत्परता और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जीरो टॉलरेंस तभी प्रभावी होगा जब वह हर पुलिसकर्मी के दैनिक व्यवहार का हिस्सा बने।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि कानून का शासन तभी सार्थक है जब प्रत्येक नागरिक को समान सुरक्षा और समान सुनवाई मिले। उन्होंने पारदर्शिता, निष्पक्ष कार्रवाई और नागरिक सम्मान को पुलिसिंग की आधारशिला बताया। साथ ही थानों पर संवेदनशील व्यवहार, जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और नागरिक-केंद्रित सेवा पर जोर दिया।

महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति और साइबर अपराध पर त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल सुरक्षा आज नागरिक स्वतंत्रता का अहम पक्ष है। प्रशिक्षित साइबर हेल्प डेस्क को जनपद स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 फॉरेंसिक लैब स्थापित की गई हैं तथा यूपी स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस के माध्यम से वैज्ञानिक विवेचना और प्रशिक्षण को सुदृढ़ किया गया है। साथ ही पुलिस वेलफेयर और मनोबल बढ़ाने पर भी बल दिया।

इस मौके पर पुलिस महानिदेशक द्वारा पुलिस मुख्यालय गोमती नगर विस्तार में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को विभिन्न पदकों व प्रशंसा चिन्हों से सम्मानित किया गया। जिन पुलिसकर्मियों को अलंकृत किया गया उनमें उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह से विनय कुमार सिंह निरीक्षक, एसटीएफ, लखनऊ, महेन्द्र कुमार मुख्य आरक्षी चालक, आर्थिक अपराध अनुसंधान विभाग, लखनऊ, दिलीप कुमार यादव आरक्षी चालक, विशेष जांच, लखनऊ शामिल हैं। वहीं सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से संजय कुमार शुक्ला निरीक्षक, जीआरपी मुख्यालय, लखनऊ, नरेन्द्र सिंह उपनिरीक्षक, जनपद हरदोई, पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिन्ह (प्लेटिनम) से अमृता मिश्रा पुलिस अधीक्षक, स्थापना, पुलिस मुख्यालय, लखनऊ, उमेश देव पाण्डेय निरीक्षक, अपराध शाखा, पुलिस मुख्यालय, लखनऊ और पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह (गोल्ड)से मो. इमरान पुलिस उप महानिरीक्षक, भवन/कल्याण, पुलिस मुख्यालय, लखनऊ, आशुतोष कुमार सिंह प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस कमिश्नरेट, आगरा, पुष्पेन्द्र नाथ निरीक्षक, 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा, अशोक कुमार निरीक्षक, पुलिस मुख्यालय, लखनऊ, धीरज सिंह मुख्य आरक्षी, पुलिस मुख्यालय, लखनऊ तथा पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिन्ह (सिल्वर) से शिवम मिश्रा पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस मुख्यालय, लखनऊ, जावेद खां पुलिस उपाधीक्षक, नियंत्रण कक्ष, पुलिस मुख्यालय, लखनऊ, संतोष कुमार निरीक्षक, सुरक्षा मुख्यालय, लखनऊ, मनीष कुमार उपनिरीक्षक, एएनटीएफ, लखनऊ को सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित