भोपाल , अप्रैल 28 -- मध्यप्रदेश के विधायक रामेश्वर शर्मा ने राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) की दिशा में उठाए जा रहे कदमों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए इसे "एक राष्ट्र, एक विधान" की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।

श्री शर्मा ने कहा कि जब देश में एक विधान, एक निशान और एक प्रधान की व्यवस्था है, तो कानून भी सभी नागरिकों के लिए समान होना चाहिए। उन्होंने "वन नेशन, वन इलेक्शन" के विचार का भी समर्थन किया।

उन्होंने यूसीसी को जनसंख्या संतुलन के लिए आवश्यक बताते हुए कहा कि अलग-अलग कानूनों के कारण जनसंख्या असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उनके अनुसार समान कानून से सभी वर्गों के लिए समान अवसर सुनिश्चित होंगे। श्री शर्मा ने कहा कि मुस्लिम समाज को भी बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आवास की आवश्यकता है, जिसके लिए सीमित जनसंख्या और समान कानून आवश्यक हैं।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी "दो बच्चों" का नारा दिया था और उस समय नसबंदी अभियान चलाया गया था। उन्होंने कांग्रेस से इस मुद्दे को राजनीतिक दृष्टिकोण से हटकर देखने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित