चंडीगढ़ , मार्च 20 -- समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निपटान में फतेहाबाद जिला पूरे हरियाणा में पहले स्थान पर रहा है। इस उपलब्धि पर श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन ने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए उपायुक्त डॉ. विवेक भारती को बधाई दी।
शुक्रवार को आयोजित समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधान सचिव ने कहा कि फतेहाबाद प्रशासन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर रहा है, जो अन्य जिलों के लिए अनुकरणीय उदाहरण है। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि वर्ष 2024 की कोई भी शिकायत समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल पर लंबित नहीं है, जो प्रशासन की कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
बैठक के दौरान प्रधान सचिव ने सभी जिलों को लंबित मामलों के शीघ्र निपटान के निर्देश भी दिये। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने इस उपलब्धि को टीम वर्क का परिणाम बताते हुए सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिये कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाये।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 की लंबित शिकायतों का 15 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित कर रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को भेजी जाए। साथ ही, जिन शिकायतों को खारिज किया गया है, उनकी कारण सहित विस्तृत रिपोर्ट दो दिन के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित