कानपुर , फरवरी 7 -- जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि जनसमस्याओं के प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण का मंच है। प्रत्येक शिकायत का समाधान इस प्रकार किया जाए कि फरियादी संतुष्ट हो। उन्होंने चेतावनी दी कि लंबित प्रकरणों की समीक्षा स्वयं करेंगे और लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।
सदर तहसील अंतर्गत मर्चेंट चेंबर ऑफ कॉमर्स में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को कुल 153 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 17 का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत प्रदान की गई। शेष मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को शासनादेश में निर्धारित सात दिन की समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में कई मामलों में तत्काल कार्रवाई की गई। नौबस्ता निवासी अंश सिंह को विशेष मेडिकल कैंप के माध्यम से दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किया गया। कर्नलगंज निवासी वहीदउद्दीन अहमद और पनकी निवासी राजबहादुर कमल के नाम संशोधन प्रकरणों में राजस्व अभिलेखों की त्रुटियां मौके पर दुरुस्त कराई गईं। ग्राम बिधनू, कटरी ख्यौरा और दहेली उजागर के भूमि अंश निर्धारण व नाम संशोधन मामलों में भी खतौनी प्रविष्टियां सही कराई गईं। किदवईनगर निवासी अमन शुक्ला के प्रकरण में पूर्व वाद के अनुपालन को अभिलेखों में दर्ज कर निस्तारण सुनिश्चित कराया गया।
फजलगंज निवासी हिमांशु शुक्ला के मामले में पिता के निधन के बाद शस्त्र लाइसेंस जमा कराने की प्रक्रिया तत्काल पूरी कराई गई। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत प्रीती यादव के राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ प्रकरण में औपचारिकताएं पूर्ण कराई गईं, जबकि हिरौंदा के विधवा पेंशन प्रकरण में आधार पंजीकरण के बाद अगली किस्त के साथ भुगतान सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई।
विभागवार शिकायतों में सर्वाधिक 69 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। पुलिस विभाग के 26, नगर निगम के 19, केडीए के 17 तथा जिला आपूर्ति विभाग, जलकर और केस्को के चार-चार प्रकरण दर्ज हुए। अन्य शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित थीं।
कार्यक्रम में एडीएम संतोष कुमार राय, एसडीएम/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, अपर नगर आयुक्त आवेश खान सहित सभी विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित