मऊ , मार्च 22 -- राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत रविवार को उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक जन गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें सह सरकार्यवाह आलेक कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया।

जिला मुख्यालय स्थित एक प्लाजा में आयोजित कार्यक्रम में आलोक कुमार ने समाज को अपनी बिखरी शक्ति को संगठित कर सशक्त बनने का आह्वान किया। उन्होंने परिवार को समाज की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए सभी से परिवार को समय देने और संस्कारों को मजबूत करने पर जोर दिया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ समाज जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनकर कार्य कर रहा है। संघ का उद्देश्य समाज को संगठित कर राष्ट्र को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने 'पंच परिवर्तन' को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर बल दिया। साथ ही कहा कि वर्तमान समय में समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय और सहयोग की भावना को बढ़ाना आवश्यक है और संघ इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग संघचालक राम प्रताप ने की। गोष्ठी में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने समाज के लिए किए जा रहे कार्यों के अनुभव भी साझा किए। इस अवसर पर गोरक्ष प्रांत प्रचारक रमेश, सह प्रांत प्रचारक सुरजीत, विभाग प्रचारक अंबेश, प्रांत महाविद्यालय विद्यार्थी कार्य प्रमुख डॉ. अंबरीष, जिला प्रचारक आर्यम और जिला कार्यवाह भुवेश सहित विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित