गाजियाबाद , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्तमान सरकार महापुरुषों के सम्मान और उनके विचारों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। गाजियाबाद के घंटाघर स्थित रामलीला मैदान में महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री मौर्य ने कहा कि सरकार महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है, जिससे समाज में सकारात्मक दिशा का संचार हो रहा है।
यह आयोजन प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप के आमंत्रण पर किया गया, जिसमें उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने तकनीकी माध्यम से मोबाइल फोन के जरिए जनसभा को संबोधित करते हुए महर्षि कश्यप के योगदान को स्मरण किया और उनके आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि यह आयोजन पहले छोटे स्तर पर शुरू हुआ था, जो अब महाकुंभ का रूप ले चुका है। उन्होंने महर्षि कश्यप के नाम पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित करने का प्रस्ताव भी रखा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित