कानपुर , फरवरी 20 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक मुनीन्द्र शुक्ला की कार पर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने पत्थर चलाये। पूर्व विधायक ने इसे प्राणघातक हमला बताते हुये विठूर थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि श्री शुक्ला ने तहरीर देकर कहा है कि वह शुक्रवार रात कहीं जा रहे थे कि उनकी कार सिंहपुर तिराहे के पास जाम में फंस गयी। इस बीच वहां से गुजर रहे बाइक सवार तीन युवकों से विवाद हो गया और युवकों ने उनकी कार पर पत्थर चलाये जिससे कार के शीशे टूट गये।
पूर्व विधायक ने कहा कि उन पर यह जानलेवा हमला हुआ है और पुलिस तीनो युवकों को जल्द गिरफ्तार करे। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
गौरतलब है कि श्री शुक्ला 2012 में सपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित