देहरादून , मार्च 13 -- उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सिलेंडर की किल्लत पर सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता की समस्या से मुंह फेर कर सरकार धोखा कर रही है।

श्री गोदियाल ने राजपुर रोड स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार को संवाददाताओं से एक बातचीत में कहा कि जिस तरह से प्रदेश में एलपीजी गैस सिलेंडर को ले कर लोग परेशान है, ये बड़े दुख की बात है, वहीं दूसरी तरफ़ सरकार बोल रही है की गैस सिलेंडर की कोई किल्लत नहीं है और स्थित सामान्य है।

वही दूसरी तरफ़ गैस एजेंसियों के बाहर तड़के सुबह से लेकर शाम तक लंबी लंबी क़तारें सरकार के इन सभी दावों की पोल खोल रही हैं।

एजेंसियों के फ़ोन नंबर नहीं लग रहे हैं, जहाँ पहले सिलेंडर बुक करने के लिए सिर्फ़ दो से चार दिन का इंतज़ार करना पड़ता था, वहीं आज शहरी इलाक़ों में 25 दिन का समय और ग्रामीण क्षेत्रों में ये समय सीमा 45 दिन तक कर दी गई है ये सभी स्थितियां दर्शा रही हैं कि मौजूदा स्थितियां सामान्य नहीं है।

उन्हाेंने कहा कि आज देश और प्रदेश में गैस सिलेंडर या पेट्रोल डीज़ल की कमी की वजह से जो संकट उत्पन्न हुआ है उसकी ज़िम्मेदार डबल इंजन की सरकार है, जब इस बात पर सदन के भीतर कांग्रेस विधायक ने प्रश्न पूछा तो मंत्री ने इसे केंद्र का विषय बताया।

उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्र में भी भाजपा की सरकार है और प्रदेश के निवासियों के हितों लिए राज्य सरकार की ज़िम्मेदारी बनती हैं कि केंद्र से यहां के निवासियों को राहत दिये जाने की माँग की जाये।

श्री गोदियाल ने कहा कि आज घरेलू सिलेंडर के साथ साथ व्यावसायिक सिलेंडर की भी किल्लत हो रही है। घरेलू सिलेंडर लेने के लिए लोगों को लंबी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।

इसी तरह व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कमी का असर होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा कारोबार पर भी पड़ने लगा है। केंद्र सरकार की नई एडवाइजरी और बाटलिंग प्लांट से आपूर्ति प्रभावित होने के कारण व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति लगभग ठप सी हो गई है।

पिछले तीन-चार दिनों से एजेंसियों तक पर्याप्त मात्रा में व्यावसायिक सिलेंडर नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऐसे में कई छोटे रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों के सामने संकट खड़ा हो गया है। स्टॉक में बचे इक्का-दुक्का सिलेंडर भी खत्म होने की कगार पर हैं। कुछ रेस्टोरेंट संचालकों ने अपने खाद्य पदार्थों के दामों में बढ़ोतरी भी कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित