समस्तीपुर , फरवरी 13 -- बिहार मे समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुरगाहर चौक स्थित एक आभूषण दुकान मे शुक्रवार को सशस्त्र अपराधियों ने दुकानदार को बंधक बनाकर करीब 70 लाख रूपये मूल्य के जेवरात लूट लिए।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि जिले के श्रीपुरगाहर चौक स्थित प्रियंका ज्वेलर्स नामक दुकान पर 3-4 की संख्या मे हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोला। इस दौरान अपराधियों ने हथियार के बल पर दुकानदार राहुल कुमार सहित अन्य को बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने दुकान मे रखें करीब 70 लाख रूपये मूल्य के चांदी एवं सोने के जेवरात लूट लिए।

सूत्रों के अनुसार लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी गोली-बारी करते हुए मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग निकले। इधर घटना की सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक (दो) संजय कुमार सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच और जांच शुरू की। पुलिस ने घटना स्थल से दो खाली खोखा बरामद किया है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित