समस्तीपुर , मार्च 11 -- बिहार के समस्तीपुर जिले के पूसा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में 13 से 15 मार्च तक तीन दिवसीय क्षेत्रीय किसान मेला का आयोजन किया जायेगा।

कुलपति डॉ पीएस पांडेय ने बुधवार को जिले के पूसा स्थित संचार भवन मे एक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुये बताया कि इस मेले का थीम "विकसित कृषि-उन्नत भारत" विषय रखा गया है।

उन्होंने बताया कि इस मेले में उडीसा, पश्चिम बंगाल, बिहार एवं झारखंड प्रदेश के 5 सौ से अधिक किसानों के साथ- साथ पूर्वी भारत के विभिन्न राज्यों के कृषि वैज्ञानिक, शोधकर्ता और कृषि उद्यमी भाग लेंगे। कुलपति डॉ पांडेय ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीज, प्राकृतिक खेती और कृषि आधारित नवाचारों की जानकारी देना है, ताकि किसान उन्नत खेती कर अधिक लाभकारी बना सके।

उन्होंने बताया कि इस तीन दिवसीय मेले के उद्घाटन सत्र में बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव और स्थानीय विधायक महेश्वर हजारी सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। वहीं दूसरे दिन केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर और तीसरे दिन केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी कार्यक्रम में भाग लेगें।

कुलपति ने कहा कि मेले में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों और निजी कंपनियों के 130 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय तकनीकी स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर किसानों को ड्रोन तकनीक, हाइड्रोपोनिक्स (मिट्टी रहित खेती), ड्रिप सिंचाई, जीरो टिलेज, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित खेती और आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी दी जाएगी। मेले के दौरान नई तकनीक, बीज उत्पादन, प्राकृतिक खेती, महिला कृषि उद्यमिता और मूल्य श्रृंखला विकास जैसे विषयों पर चर्चा की जायेंगी।

साथ ही मेले मे संरक्षित खेती, प्राकृतिक कृषि प्रणाली, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन तथा आधुनिक कृषि यंत्रों का जीवंत प्रदर्शन भी किया जायेगा।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ रतनेश कुमार झा, निदेशक अनुसंधान डॉ एके सिंह और जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ कुमार राजवर्द्धन समेत अन्य वैज्ञानिक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित