समस्तीपुर , दिसंबर 30 -- ेलवे बोर्ड के निर्देश पर पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर रेल मंडल में यात्री-सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 15 दिवसीय सघन संरक्षा एवं सुरक्षा अभियान आज से शुरु की गई है।
मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने यहां बताया कि यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा रेल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को लेकर मंडल मे यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि इस सघन संरक्षा अभियान के माध्यम से कोचों के स्टॉक की सूक्ष्म जांच कर संभावित जोखिमों की पहचान एवं उनका त्वरित निराकरण किया जायेगा। इस अभियान से ट्रेन परिचालन और अधिक सुरक्षित तथा संरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित होगा।
श्री मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत मंडल के एलएचबी कोच, वंदे भारत ट्रेन, अमृत भारत ट्रेन, मेमू एवं डेमू ट्रेनों के कोचों में विशेष रूप से गहन जांच एवं निरीक्षण किया जायेगा। इस दौरान कोचों के अंडरगियर में लगे सभी समानों, बोगी एवं अंडरफ्रेम सहित सभी संवेदनशील मशीनों की सघन जांच करने का निर्देश दिया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि इसके साथ ही कोचों में अग्नि सुरक्षा,पैंट्री कार एवं पावर कार में फायर डिटेक्शन एंड सप्रेशन सिस्टम तथा कोचों में फायर एवं स्मोक डिटेक्शन सिस्टम की कार्यशीलता सुनिश्चित की जायेगी। इस विशेष अभियान के लिए मंडल के वाणिज्य, रेलवे सुरक्षा बल एवं अन्य विभागों के अधिकारियों के नेतृत्व मे संयुक्त जांच टीम बनाई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित