, Dec. 18 -- पटना, 18 दिसंबर (वर्ता) बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरूवार को बताया कि समस्तीपुर जिले के रोसड़ा में अग्निशामालय भवन के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है।
श्री चौधरी ने बयान जारी कर कहा कि इस योजना के तहत जी 3 संरचना वाले भवन, 125 केवीए जनरेटर सेट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, फायर हाइड्रेंट, अंडरग्राउंड आरसीसी टैंक एवं अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के लिए छह करोड़ 98 लाख आठ हजार 600 रुपये खर्च किए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि रोसड़ा अग्निशामालय भवन निर्माण योजना से क्षेत्र में अग्निशमन व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि यह भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिससे अग्निशमन कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा।
श्री चौधरी ने कहा मुख्यंमत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार बिहार पुलिस और अग्निशमन सेवा को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गृह विभाग ने बिहार में यातायात प्रशिक्षण अकादमी बनाने की योजना को स्वीकृति प्रदान की है और अब समस्तीपुर जिलान्तर्गत दो यूनिट के अग्निशामालय भवन, रोसड़ा के निर्माण के लिए मंजूरी दी गई है।
उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से न केवल रोसड़ा बल्कि आसपास के क्षेत्रों को भी इसका लाभ मिलेगा और अग्निशमन सेवा की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित