समस्तीपुर , मार्च 19 -- िहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर के जिला कल्याण पदाधिकारी प्रसून परिमल को कार्य मे लापरवाही एवं विभागीय निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप मे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री लखेन्द्र पासवान ने पिछले 13 मार्च को समस्तीपुर जिले के सरायरंजन स्थित डॉ. अम्बेडकर कल्याण छात्रावास, हरपुर के डॉ.भीमराव अम्बेडकर अनुसूचित जाति बालिका आवासीय विद्यालय और शहर के काशीपुर स्थित डॉ. अम्बेडकर कल्याण छात्रावास का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान विभागीय मंत्री को जिला कल्याण पदाधिकारी के विरुद्ध विद्यालय एवं छात्रावास का नियमित निरीक्षण नहीं करने, छात्रों को ससमय पोशाक आपूर्ति नहीं करने और छात्रावास की साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नही पाये जाने समेत अन्य शिकायतें प्राप्त हुई।

सूत्रों ने बताया कि जांचोपरांत शिकायत सत्य पाया गया, जिसके आधार पर जिला कल्याण पदाधिकारी श्री परिमल को बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम-9 (1) (क) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित