समस्तीपुर , फरवरी 11 -- बिहार में समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर सह अधिवक्ता गणेश सहनी हत्याकांड में शामिल कुख्यात अपराधी अंकित सहनी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजय कुमार पाण्डेय ने बुधवार को यहां बताया कि हरपुर भिंडी गांव स्थित दर्जनियापुल पर आठ फरवरी को गणेश सहनी की हत्या कर दी गयी थी।इस हत्याकांड मे शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रशिक्षु पुलिस अधीक्षक अनिकेत कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में एक स्पेशल पुलिस टीम गठित की गई थी। उन्होंने बताया कि टीम ने आज जिले के हलई थाना क्षेत्र स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी की। वहां से कांड में शामिल अपराधी अंकित सहनी को गिरफ्तार किया गया है।
श्री पाण्डेय ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर की हत्या का कारण जमीन कारोबार में रूपये का लेनदेन है। उन्होंने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की स्पेशल टीम जिले के ताजपुर समेत अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित