समस्तीपुर , फरवरी 03 -- बिहार में समस्तीपुर जिले के जितवारपुर चौथ के समीप फाटक संख्या- 40 सी के बंद रहने से नाराज लोगों ने मंगलवार को फाटक को क्षतिगस्त किया और गैटमैन के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
रेलवे सूत्रों ने यहां बताया कि समस्तीपुर-भगवानपुर देसुआ रेलवे स्टेशन के बीच जितवारपुर चौथ स्थित रेलवे फाटक संख्या-40 सी बंद था। जिसके कारण इंटर परीक्षार्थी एवं आमलोग रुके हुए थे ।काफी देर बीत जाने के बावजूद गेट नहीं खोला गया तो गेट के दोनों तरफ फंसे लोग आक्रोशित हो उठे। लोगों ने रेलवे फाटक में तोड़फोड़ शुरू कर दी। घटना का प्रतिरोध करने पर आक्रोशित लोगों ने गेटमैन के साथ भी मारपीट की। जिसमें वह घायल हो गए।
सूत्रों ने बताया कि गेटमैन द्वारा घटना की जानकारी समस्तीपुर रेलवे कंट्रोल को दी गई। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल एवं अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
इस बीच समस्तीपुर रेल मंडल के सूचना पदाधिकारी आर.के. सिंह ने लोगों से अपील की है कि फाटक बंद होने के समय से पूर्व ही फाटक पार कर कर लें जिससे जाम में फंसने की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने लोगों से रेलवे की संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित