समस्तीपुर , जनवरी 15 -- बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर में पुलिस कस्टडी के दौरान एक युवक के साथ कथित अमानवीय व्यवहार के मामले में ताजपुर थानाध्यक्ष शंकर शरण दास समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ताजपुर बाजार स्थित एक आभूषण दुकान में हुई चोरी के मामले में भेरोखड़ा गांव निवासी मनीष कुमार को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया गया था। आरोप है कि पूछताछ के दौरान युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुये पुलिस अधीक्षक अरबिंद प्रताप सिंह ने जांच के आदेश दिये। जांच में आरोप सही पाये जाने पर ताजपुर थानाध्यक्ष शंकर शरण दास, अनुसंधानकर्ता सह अवर निरीक्षक राजवंश पासवान और आरक्षी राहुल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मामले पर आगे की कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित