समस्तीपुर , दिसंबर 18 -- यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित टिकट बुकिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय ने देशभर की एक सौ चयनित ट्रेनों में गुरुवार से तत्काल टिकट बुकिंग के लिये ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) आधारित नई व्यवस्था लागू कर दी गई है।
इस क्रम में समस्तीपुर मंडल में भी यह व्यवस्था सभी पीआरएस (पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम) काउंटरों पर प्रभावी हो गई है।
मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्र ने इस संबंध में बताया कि नई व्यवस्था के तहत तत्काल टिकट बुकिंग के समय यात्री के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जायेगा। ओटीपी के सफल सत्यापन के बाद ही टिकट बुक किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल फर्जी टिकट बुकिंग और दलालों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने में सहायक होगी, जिससे वास्तविक यात्रियों को तत्काल टिकट प्राप्त करने में आसानी होगी।
उन्होंने बताया कि ओटीपी आधारित प्रणाली से टिकट बुकिंग प्रक्रिया न केवल अधिक सुरक्षित होगी, बल्कि पारदर्शिता भी बढ़ेगी। साथ ही डिजिटल सत्यापन को बढ़ावा मिलेगा, जो रेलवे की आधुनिक और तकनीक- सक्षम सेवाओं की दिशा में एक अहम कदम है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री मिश्र ने यात्रियों से अपील की है कि वे तत्काल टिकट बुकिंग के समय अपना सही और सक्रिय मोबाइल नंबर अवश्य उपलब्ध करायें, जिससे ओटीपी सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित