लखनऊ , जनवरी 29 -- डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. सी.एम. सिंह ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर पूरी तरह से रोकथाम योग्य बीमारी है और समय रहते जांच तथा एचपीवी टीकाकरण से इस जानलेवा बीमारी से प्रभावी रूप से बचाव किया जा सकता है।

विश्व सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग माह 2026 के अवसर पर आयोजित जागरूकता, स्क्रीनिंग और एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक ने महिलाओं से नियमित स्क्रीनिंग कराने की अपील करते हुए कहा कि विशेष रूप से बिना किसी लक्षण वाली महिलाओं में समय पर जांच जीवनरक्षा का मजबूत आधार बनती है।

प्रो. सिंह ने कहा कि कैंसर की शुरुआती पहचान ही सबसे प्रभावी उपचार का मार्ग प्रशस्त करती है। यदि महिलाएं जागरूक होकर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं तो न केवल मृत्यु दर कम की जा सकती है, बल्कि जीवन की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार संभव है। उन्होंने एचपीवी टीकाकरण को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सशक्त माध्यम बताते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।

इस अवसर पर एम.एस. डॉ. अरविंद सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही किसी भी बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। वहीं डॉ. श्रीकेश ने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में मील का पत्थर साबित हो रहा है।

प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नीतू सिंह ने बताया कि स्तन और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर महिलाओं में मृत्यु के प्रमुख कारणों में शामिल हैं, लेकिन समय पर पहचान से इनका सफल उपचार संभव है। उन्होंने जानकारी दी कि संस्थान में लंबे समय से सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग और एचपीवी टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है तथा वर्तमान में वैक्सीन किफायती दरों पर दी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान एमबीबीएस छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता फैलायी। साथ ही रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के संकाय सदस्य, नर्सिंग स्टाफ, रेजिडेंट डॉक्टर एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित