छपरा , जनवरी 21 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को बताया कि सारण जिले में 20 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा सारण सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल बनाया जायेगा।

श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के दौरान सारण जिले के छपरा में निर्माणाधीन बस स्टैंड मैदान में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि सारण जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। उन्होंने कहा कि महिला आई.टी.आई एवं सभी अनुमंडलों में आई.टी.आई की स्थापना की गयी है। जी.एन.एम संस्थान एवं पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गयी है। सारण में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना की गयी है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि सारण जिला नदियों से घिरे होने के कारण पथ निर्माण के क्षेत्र में काफी पिछड़ा जिला था, अब यहां अनेक पुलों एवं पुलियों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि छपरा-मुजफ्फरपुर पथ का चौड़ीकरण कराया गया है। गंडक नदी के बंगरा घाट पुल का निर्माण कराया गया है। छपरा शहर में बाईपास एवं अन्य पथों का निर्माण कराया गया है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि वर्ष 2024 के दिसम्बर एवं 2025 के जनवरी-फरवरी माह में उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान सभी जिलों में जाकर विकास कार्यों को देखा और जो कमी रही उसे पूरा करने के लिए सारण जिले की सात योजनाओं की स्वीकृति दी गयी जिन पर काम चल रहा है, जिन्हें शीघ्र पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि छपरा शहर में एलिवेटेड पथ का निर्माण शुरू किया जा रहा है। छपरा शहर में 4 नये रेल ओवर ब्रिज का निर्माण शुरू किया गया है। एकमा से डुमाई गढ़ पथ का चौड़ीकरण किया जा रहा है। एकमा मशरख पथ का चौड़ीकरण शुरू किया गया है। खैरा पथ का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। सारण तटबंध पर डबल लेन पथ का निर्माण किया जा रहा है। सोनपुर में बाबा हरिहरनाथ मंदिर क्षेत्र का समग्र विकास कराया जा रहा है।

श्री कुमार ने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत अगले पांच वर्षों 2025 से 2030 के बीच में सारण जिले में अनेक काम कराये जायेंगे। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए जिले की पांच लाख 18 हजार महिलाओं को 10 हजार रूपये के हिसाब से राशि दी जा चुकी है। इन्हें रोजगार आगे बढ़ाने के लिए दो लाख रूपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी। सारण जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे। डेयरी को बढ़ावा देने के लिए जिले के शेष एक हजार 87 गांवों में दूध उत्पादन समितियों का गठन तथा सभी 323 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केन्द्र खोला जायेगा। सभी 20 प्रखण्डों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी। सभी 20 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा सारण सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल बनाया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि सारण जिले में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जायेगी। सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत कठिनाइयों को दूर कर लोगों के लिए सरकारी सुविधाएं प्राप्त करना आसान बनाया जायेगा।उन्होंने कहा कि इन कामों से जिले का पूरे तौर पर विकास होगा। केन्द्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। अब बिहार बहुत आगे बढ़ेगा और देश के विकसित राज्यों में शामिल हो जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित