संतकबीरनगर , दिसंबर 16 -- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने मंगलवार को कहा कि सभी लोगों को हिंदू संस्कृति को आत्मसात करने की जरुरत है।
खलीलाबाद थाना क्षेत्र के सरौली मण्डल तामेश्वरनाथ खण्ड में आयोजित हिन्दू सम्मेलन में होसबोले ने अपने उद्बोधन की शुरूआत मगहर की दिव्य भूमि पर स्थापित कबीर दास की परिनिर्वाण स्थली को नमन करते हुए की और कहा कि कबीर समाज सुधारक और सच्चे राष्ट्रभक्त संत थे। जिन्होंने समाज को सूत्र में बांधने का काम किया था। आज भी उनके विचारों, रचनाओं को पढ़ कर उसे अपने जीवन में उतारने से समाज को नई दिशा दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि कबीर के बताए मार्ग पर चलने का कार्य संघ करता है जहां पर बिना किसी भेदभाव के सभी लोग एक साथ राष्ट्र निर्माण के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म बाहर के लोगों को पहचानने के लिए है। उससे पहले मानव धर्म है और हम सभी हिन्दू भाइयों को एकसूत्र में बंधकर आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होने सभी से हिन्दू संस्कृति अपनाने का आह्वान किया।
श्री होसबोले ने कहा कि आरएसएस राष्ट्र निर्माण के लिए काम करता है। इस मौके पर क्षेत्र प्रचारक अनिल, प्रांत प्रचारक रमेश, सह प्रांत प्रचारक सुरजीत, प्रांत प्रचार प्रमुख सुनील व अवधेश, विभाग प्रचारक ऋषि दीप, जिला प्रचारक धीरज, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती नीतू सिंह, भाजपा नेता उदय राज तिवारी, पूर्व सांसद इन्द्रजीत मिश्र, अष्टभुजा शुक्ला, सदर विधायक अंकुर राज तिवारी, विधायक मेंहदावल अनिल त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने संघ सरकार्यवाह का स्वागत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित