पटना , दिसंबर 19 -- बिहार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डॉ प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान राजधानी पटना के सभी पार्कों में सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिये हैं।

बैठक के दौरान मंत्री श्री कुमार ने सभी पार्कों में तमाम जन सुविधायें मुहैया कराने को लेकर समीक्षा की और पार्कों में पेयजल, स्वच्छता और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिये अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

इस बैठक में मौजूद कुम्हरार विधायक संजय कुमार गुप्ता ने पार्कों की सुरक्षा- व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाये जाने का सुझाव दिया था। उन्होंने इस सुझाव पर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर मंत्री श्री कुमार ने पार्कों में लगे वृक्षों के नाम, उनके उपयोग से संबंधित जानकारी बोर्ड पर अंकित करने के लिये भी कहा। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को वृक्षों के महत्व की जानकारी मिलेगी। उन्होंने पटना- डोभी (गया जी) राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर पौधरोपण के लिये सर्वे करने, फलदार पौधों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्र के किसानों के साथ बैठक कर उन्हें पौधारोपण के लिये प्रोत्साहित करें। पौधारोपण में किसानों का सहयोग लें। मंत्री श्री कुमार ने पदाधिकारियों को ऐसे प्रस्तावों का त्वरित निस्तारण के निर्देश दिये। बैठक में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन बल प्रमुख) प्रभात कुमार गुप्ता, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास) अरविंदर सिंह, डीएफओ पटना वन प्रमंडल गौरव ओझा, डीएफओ पटना पार्क प्रमंडल राजीव कुमार आदि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित