गयाजी , मार्च 20 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत कठिनाइयों को दूर कर लोगों के लिए सरकारी सुविधाएं प्राप्त करना आसान बनाया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के दौरान गया जिले के मायापुर के टनकुप्पा स्थित बिहार पोषक अनाज एवं मूल्य श्रृंखला उत्कृष्टता केंद्र परिसर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि सात निश्चय-3 के तहत अगले पांच वर्षों 2025 से 2030 के बीच में गयाजी जिले में अनेक काम कराये जायेंगे। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए जिले की पांच लाख 75 हजार महिलाओं को 10 हजार रूपये के हिसाब से राशि दी जा चुकी है। उन्हें रोजगार आगे बढ़ाने के लिए दो लाख रूपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी।

श्री कुमार ने कहा कि गयाजी जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे। उन्होंने कहा कि डेयरी को बढ़ावा देने के लिए जिले के शेष एक हजार 614 गांवों में दूध उत्पादन समितियों का गठन तथा सभी 320 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केन्द्र खोला जायेगा। सभी 24 प्रखण्डों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी। सभी 24 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा गयाजी सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल बनाया जायेगा। गयाजी जिले में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जायेगी।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत कठिनाइयों को दूर कर लोगों के लिए सरकारी सुविधाएं प्राप्त करना आसान बनाया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित