चंडीगढ़ , अप्रैल 04 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सफीदों में आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली में विपक्ष पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न कोई नीति है और न ही विजन, उनका एकमात्र एजेंडा झूठ फैलाकर जनता को गुमराह करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वास्तविक विकास होता है तो झूठ की राजनीति करने वालों को परेशानी होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने परिवारवाद को बढ़ावा दिया और जनता को केवल वादों में उलझाए रखा, जबकि वर्तमान सरकार काम और परिणाम पर ध्यान दे रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 49.73 करोड़ रुपये की 10 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में सफीदों क्षेत्र में 1,594 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं।

उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और अफवाहों से बचने की अपील की। साथ ही कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की बात कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित