कोटपूतली-बहरोड़ , मार्च 10 -- अक्सर सख्त और अनुशासित नजर आने वाली खाकी के पीछे एक बेहद संवेदनशील और मानवीय हृदय भी धड़कता है, इसकी एक जीवंत मिसाल राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नारायणपुर पुलिस थाने में देखने को मिली।
यहाँ के पुलिसकर्मियों ने न केवल कानून की रक्षा की, बल्कि सामाजिक सरोकार निभाते हुए अपने थाने के सफाई कर्मचारी की बेटी की शादी में 'मायरा' (भात) भरकर इंसानीयत का एक अनुपम उदाहरण पेश किया है।
नारायणपुर थाने में कैलाश नामक सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी सेवाएँ दे रहा है। जब उसकी बेटी की शादी तय हुई, तो आर्थिक तंगहाली के बीच खुशियाँ मनाने की चुनौती थी। जैसे ही यह बात थाना स्टाफ के संज्ञान में आई, बानसूर सीओ मेघा गोयल और थानाधिकारी रोहिताश कुमार के नेतृत्व में पूरे स्टाफ ने एकजुट होकर कैलाश की मदद करने का निर्णय लिया। पुलिसकर्मियों ने आपसी सहयोग से राशि एकत्रित की ताकि अपनी सहकर्मी की बेटी की शादी को यादगार बनाया जा सके।
शादी समारोह के दौरान जब खाकी वर्दी पहने पुलिसकर्मी हाथों में मायरे की थाल और उपहार लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुँचे, तो हर कोई दंग रह गया। पुलिसकर्मियों ने सामाजिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए एक लाख 61 हजार रुपए की नकद राशि भेंट की साथ ही घरेलू उपयोग के विभिन्न सामान और कपड़े उपहार स्वरूप दिए।
नवदंपती को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
अपनी बेटी की शादी में पुलिस के इस बड़े सहयोग को देखकर कैलाश और उसका परिवार भावुक हो गया। कैलाश ने नम आंखों से कहा कि उसने कभी सोचा भी नहीं था कि थाने का स्टाफ इस तरह उसके परिवार की जिम्मेदारी साझा करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित