देहरादून , दिसम्बर 23 -- उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष दर्जधारी राज्यमंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने मंगलवार को शहरी विकास विभाग सचिव को एक पत्र भेजकर, नगर निगम देहरादून में 700 आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों को रखने के लिए भेजे गये प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करने की सिफारिश की है।

आयोग उपाध्यक्ष ने अपने पत्र में लिखा कि नगर निगम देहरादून में 100 वार्ड हैं तथा राजधानी में अस्थायी/चल जनसंख्या (फ्लॉटिंग पॉपुलेशन) होने के कारण काफी संख्या में आवागमन रहती है। वर्ष 2023 में निगम बोर्ड द्वारा प्रस्ताव पारित करके तीन हजार पर्यावरण मित्र के पद सृजन का प्रस्ताव भेजा गया था। वर्तमान में लगभग 2200 सफाई कर्मचारी कार्यरत है। उन्होंने लिखा है कि वर्तमान में निगम द्वारा 700 कर्मचारी आउटसोर्स में रखने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जिसकी स्वीकृति आपके (सचिव) स्तर पर लम्बित है।

श्री मकवाना ने सचिव से अनुरोध किया कि शहर की सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने एवं वाल्मीकि समाज को रोजगार दिये जाने के लिए नगर निगम के प्रस्ताव अनुसार 700 कर्मचारी नियुक्त करने की स्वीकृति प्रदान करें। उन्होंने इसी प्रकार प्रदेश की अन्य नगर निगमों, नगर पालिका परिषद् एवं नगर पंचायतों में भी सफाई कर्मचारियों की भर्ती कराने की भी संस्तुति की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित