श्रीगंगानगर , फरवरी 23 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के अखिल भारतीय किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष कौर सिंह सिद्धू ने आरोप लगाया है कि जिले के सादुलशहर पंचायत समिति क्षेत्र के गांव बुधरवाली में सफाई कार्य के ठेके में ठेकेदार ग्राम पंचायत से प्रति महीने सात हजार रुपये ले रहा है, जबकि सफाई कर्मचारियों को सिर्फ छह हजार रुपये ही दे रहा है।
श्री सिद्धू ने रविवार को यहां कहा कि इसमें केवल दो महिलाओं को ही सफाई कार्य पर रखा गया है। इन महिलाओं को कम वेतन दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सिर्फ बुधरवाली गांव तक सीमित नहीं है। सादुलशहर पंचायत समिति के जिस भी गांव में सफाई का ठेका दिया गया है, वहां ठेकेदार यही काम कर रहे हैं। ग्राम पंचायतों से पूरे पैसे लेकर कर्मचारियों को कम वेतन देकर बाकी राशि हड़पी जा रही है।
उन्होंने जिला प्रशासन और पंचायती राज विभाग से तत्काल जांच कराने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित