नयी दिल्ली , अप्रैल 09 -- द केरला स्टोरी 2 के निर्माता एवं निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह ने सफल होने के लिए कार्य के प्रति ईमानदारी और स्पष्टता को आवश्यक बताया है।

श्री सिंह ने यह बात यहां के डॉ. भीमराव अंबेडकर महाविद्यालय की ओर से आयोजित मीडिया फेस्ट 2026 में गुरुवार को कही। डॉ. भीमराव अंबेडकर महाविद्यालय के हिंदी विभाग के हिंदी पत्रकारिता एवं जनसंचार पाठ्यक्रम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित श्री सिंह ने कहा कि यह महाविद्यालय मेरी मातृभूमि है। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी से जब दिल्ली आया तो मेरे दिमाग में लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट था। उन्होंने कहा, "मुझे फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में ही कार्य करना है। इसलिए जीवन में क्या करना है। इसे लेकर ईमानदारी और स्पष्टता बहुत जरूरी है।"श्री सिंह ने बताया कि कॉलेज में बने संबंधों को लेकर निस्वार्थ भाव रखना बहुत जरूरी है, क्योंकि असल मायनों में यही लोग आपके शुभचिंतक होते हैं जो आपके सुख-दुख में साथ खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि आज फिल्म मेकिंग का क्षेत्र काफी बड़ा है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फ़िल्म निर्देशक ने कहा कि आप अपने मोबाइल की सहायता से ही अच्छी फिल्म का निर्माण कर सकते हैं। इसलिए आप अपने काम को ईमानदारी से करते रहिए सफलता जरूर मिलेगी।

वहीं, इस मौके पर कॉलेज प्राचार्य प्रो. सदानंद प्रसाद ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता एवं जनसंचार पाठ्यक्रम का यह मीडिया फेस्ट विद्यार्थियों के अंदर रचनात्मक कौशल और अभिव्यक्ति को व्यक्त करने के लिए एक शानदार मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा, "हमारे महाविद्यालय के पूर्ववर्ती विद्यार्थियों ने मीडिया, सिनेमा और शिक्षा में अच्छा मुकाम हासिल किया है। यह हमारे लिए गर्व की बात है। आज उन्हें अपने बीच पाकर हम सभी महाविद्यालय परिवार काफी अच्छा महसूस कर रहे हैं।"प्रो. शशि रानी ने कहा कि अपने विद्यार्थियों को अतिथि के रूप में स्वागत कर गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। उन्होंने कहा कि परिवार में एक महिला शिक्षित होती है तो पूरी पीढ़ी शिक्षित होती है लेकिन जब एक महिला संपादक बनती है तो पूरे समाज की चेतना को जागृत करने का काम करती है।

कार्यक्रम में मीडिया, सिनेमा और शिक्षा जगत की नामचीन हस्तियां उपस्थित रहीं, जिसमें फिल्म निर्माता दीप्ति खुराना,सुशीला सिंह, गीतम श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार वर्तिका तोमर, कोमिका माथुर, डॉ. पूनम गौड़, डॉ. श्वेता गौड़, डॉ. रितु खत्री, क्षमा त्रिपाठी, अदिति, महिमा गुप्ता एवं हेमा जोशी शामिल हैं।

मीडिया फेस्ट में विद्यार्थियों के बीच रचनात्मक कौशल में वृद्धि के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें शॉर्ट मूवी और डॉक्यूमेंट्री , न्यूज रिपोर्टिंग एवं एंकरिंग , ऑन स्पॉट मोबाइल फोटोग्राफी, प्रेस विज्ञप्ति लेखन प्रतियोगिता शामिल रहा। इसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने भागीदारी की।

पाठयक्रम संयोजक प्रो. बिजेंद्र कुमार ने कहा कि यह क्षण काफी भावुक करने वाला है। हम सभी अपने बीच पूर्ववर्ती विद्यार्थियों को पाकर आनंदित महसूस कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित