लखनऊ , नवंबर 20 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के मऊ जिले के घोसी विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुधाकर सिंह का गुरुवार को यहां मेदांता हॉस्पिटल में निधन हो गया।
वह 67 वर्ष के थे।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि श्री सुधाकर सिंह के निधन की जानकारी मिलते ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मेदांता पहुंचकर परिजनों से मिले। श्री यादव ने श्री सुधाकर सिंह के पुत्र सुजीत सिंह और अन्य परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया और सांत्वना दी।
श्री अखिलेश यादव ने श्री सुधाकर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने श्री सुधाकर सिंह के निधन को समाजवादी पार्टी की अपूरणीय क्षति बताया।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मेदांता हॉस्पिटल पहुंचकर श्री सुधाकर सिंह के अंतिम दर्शन किए और परिजनों से मिलकर शोक प्रकट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित