कौशांबी , मार्च 7 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को कौशांबी पहुंचे, जहां उन्होंने बाबू सिंह महाविद्यालय संयारा में आयोजित सरस महोत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन भी किया।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद उपमुख्यमंत्री ने मंच से उपस्थित जनसमूह का अभिवादन किया। अपने संबोधन में उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव बिहार में पराजय के बाद घोर निराशा में हैं और सत्ता के वनवास से बौखला गए हैं। उन्होंने कहा कि सपा की साइकिल अब पंचर हो चुकी है।

उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2047 तक समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सत्ता में नहीं आ पाएंगी तथा 2027 में उत्तर प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अप्रैल महीने से दिव्यांगजनों को 1500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में एक करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर और महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित