लखनऊ , दिसम्बर 16 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा प्रचारित किया जा रहा तथाकथित पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) मॉडल न तो ज़मीन पर मौजूद है और न ही जनमानस में उसकी कोई विश्वसनीय स्वीकार्यता है। यह केवल राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास है, जिसे जनता पहले ही खारिज कर चुकी है।
श्री मौर्य ने मंगलवार को एक्स पर लिखा कि समाजवादी पार्टी आज भी अपने पुराने चरित्र से बाहर नहीं निकल पाई है। कार्यकर्ताओं के नाम पर सपा के पास वही गुंडे, माफिया और अपराधियों का कुनबा है, जिसने सत्ता में रहते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था को चौपट किया था। जनता उस दौर की अराजकता और असुरक्षा को भूली नहीं है और इसी कारण सपा को बार-बार चुनावों में सिरे से नकारा गया है।
उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विकास, सुशासन और मजबूत कानून-व्यवस्था के जरिए जनता का भरोसा जीता है। उन्होंने दावा किया कि मगध में कमल खिल चुका है और अब अवध में भी कमल खिलना तय है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा पहले से कहीं अधिक प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
श्री मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का भविष्य तय है और पंचर साइकिल के साथ उसका सैफई लौटना निश्चित है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता अब खोखले नारों पर नहीं, बल्कि काम करने वाली और स्थिर सरकार पर भरोसा करती है। सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव का तथाकथित पीडीए न ज़मीन पर है और न ही जनमानस में।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित