प्रयागराज , दिसंबर 20 -- उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजाति ने शनिवार को कहा कि सनातनियों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता कर रहे हैं। नागरिक सुरक्षा कोर प्रयागराज के क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे श्री सिंह ने कहा कि आजादी के बाद सिविल डिफेंस कुछ जिलों तक सीमित था लेकिन मौजूदा सरकार ने प्रदेश के हर जिले में सिविल डिफेंस की इकाई का गठन किया है। सभी जिलों में सिविल डिफेंस के वालेंटियर की 15 से 22 दिसंबर तक ट्रेनिंग चल रही है। इसमें उन्हें आपदा की किसी भी चुनौती से निबटने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा है कि 2025 के महाकुंभ में सिविल डिफेंस के वालेंटियर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके बाद 3 जनवरी से शुरू होने वाले माघ मेले में भी सिविल डिफेंस के वालेंटियर को तैनात किया जाएगा। प्रशिक्षण से सिविल डिफेंस के वॉलिंटियर्स का मनोबल बढ़ा है। ताकि आने वाले माघ मेले में बेहतर ढंग से और पूरी क्षमता के साथ वह अपनी सेवाएं दे सकें।

श्री सिंह ने सपा सांसद आर के चौधरी द्वारा होलिका दहन और शवों की अंतिम संस्कार से प्रदूषण के बढ़ने के बयान पर पलटवार करते हुये कहा " सपा के नेता किस मानसिकता से ऐसा बयान कर रहे हैं यह मैं नहीं जानता हूं। लेकिन अंतिम संस्कार और होलिका दहन सदियों से चला रहे हैं। होलिका दहन और शवों के अंतिम संस्कार पर सवाल उठाना लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाना है। वैसे सनातनियों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम अरसे से समाजवादी पार्टी के नेता कर रहे हैं।"तृणमूल कांग्रेस सांसद मदन मित्रा के भगवान राम को हिंदू ना बताए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं ने 2022 के विधानसभा चुनाव में ऐसे ही बयान दिए थे। जिसका जनता ने उन्हें करारा जवाब दिया। ऐसे में टीएमसी सांसद के इस बयान का जवाब भी पश्चिम बंगाल की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें जवाब दे देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित