हैदराबाद , मार्च 18 -- पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के शुरुआती कुछ मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करेंगे। पैट कमिंस अभी तक अपनी पीठ की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं और उनके शुरुआती मैचों में खेलने को लेकर संशय बना हुआ है। इस दौरान अभिषेक शर्मा उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे।

एसआरएच के करीबी सूत्रों ने क्रिकबज को बताया है कि यह व्यवस्था अस्थायी है। नियमित कप्तान कमिंस पूरी तरह फिट होने के बाद कप्तानी की जिम्मेदारी फिर से संभाल लेंगे। जल्द ही इस बारे में आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है।

अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कमिंस कितने मैच नहीं खेल पाएंगे, लेकिन यह माना जा रहा है कि ऑस्ट्रेलिया के कप्तान 23 मार्च को एसआरएच शिविर में रिपोर्ट करेंगे। उम्मीद है कि वह भारत में फ्रेंचाइजी के साथ रिहैबिलिटेशन करेंगे। कल की रिपोर्ट में बताया गया था, वह इस सीजन के पहले तीन मैच नहीं खेल पाएंगे।

एसआरएच अपने अभियान की शुरुआत 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ करेगा। उनका दूसरा मैच दो अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ, उसके बाद वे पांच अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना करने के लिए अपने घरेलू मैदान पर लौटेंगे।

32 साल के कमिंस दिसंबर से ही मैदान से बाहर हैं। दिसंबर में उन्होंने एडिलेड में केवल एक एशेज टेस्ट मैच खेला था। उस मैच से पहले और बाद में भी पीठ की पुरानी चोट की वजह से वह टीम से बाहर रहे। उन्होंने हाल ही में हुए टी-20 विश्व कप में भी हिस्सा नहीं लिया था। लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के सूत्रों ने बताया है कि उन्हें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से अपने आईपीएल अनुबंध को पूरा करने की मंजूरी मिल गई है। हालांकि, मैच खेलने के लिए मैदान पर लौटने से पहले उन्हें कुछ और समय लगने की उम्मीद है।

कमिंस ने एचआरएच के लिए 30 मैचों में कप्तानी की है। इनमें से उन्होंने 15 मैच जीते हैं, 14 हारे हैं, और एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। 2024 में उन्होंने टीम को फाइनल तक पहुंचाया था, जहां उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। पिछले सीजन में एसआरएच छठे स्थान पर रहा था। टीम ने छह मैच जीते थे और सात में उसे हार मिली थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित