श्रीगंगानगर , फरवरी 03 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर थाना क्षेत्र में पंजाब सीमा से लगते पतली गांव में सोमवार को दिनभर सत्संगऔर भंडारा होने के बाद शाम को सेवादारों से कुछ लोगों ने मारपीट की।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पतली गांव में महाराज नानूराम सेवा समिति के अध्यक्ष संजय मेघवाल द्वारा की गयी शिकायत के आधार पर संदीप, कुलदीप, लखविंदर उर्फ तोती के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि सत्संग और भंडारे का आयोजन में सेवा समिति के सभी पदाधिकारी सदस्य और सेवादार लगे हुए थे। अपराह्न करीब साढ़े चार बजे भंडारा संपन्न होने पर वे सभी कार्यक्रम स्थल पर साफ सफाई कर रहे थे, तभी उक्त आरोपी वहां पहुंचे और उनके साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। लोगों ने बीच बचाव कर मामले को शांत किया।

इस घटना से समिति के पदाधिकारी सदस्यों और सेवादारों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने बताया कि अब तक झगड़ा फसाद होने की वजह सामने नहीं आयी है, लेकिन मामले की जांच शुरू कर दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित