भोपाल , दिसम्बर 19 -- सतना जिले में संक्रमित रक्त चढ़ाने के गंभीर प्रकरण में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई सीईओ आयुष्मान भारत डॉ. योगेश भरसट की अध्यक्षता में गठित सात सदस्यीय जांच समिति की प्राथमिक जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई।

प्राथमिक जांच के निष्कर्षों के अनुसार जिला चिकित्सालय सतना के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. देवेन्द्र पटेल तथा लैब टेक्निशियन राम भाई त्रिपाठी और नंदलाल पांडे को निलंबित कर दिया गया है।

इसके अलावा जिला चिकित्सालय सतना के पूर्व सिविल सर्जन डॉ. मनोज शुक्ला को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। उन्हें निर्धारित समय-सीमा में लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। स्पष्टीकरण संतोषजनक न होने की स्थिति में उनके विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय समिति का गठन 16 दिसम्बर को डॉ. योगेश भरसट, संचालक राज्य रक्ताधान परिषद की अध्यक्षता में किया गया था। समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित