सतना , दिसंबर 10 -- मध्यप्रदेश के सतना जिले में जसो थाना क्षेत्र के दुरेहा मार्ग पर आज बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो पहिया वाहन चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना सुबह उस समय हुई, जब दुरेहा रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और चालक सड़क पर गिरते ही दम तोड़ बैठे।

सूचना मिलते ही जसो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। मृतकों की पहचान दुरेहा निवासी रवि कुशवाहा और धर्मेंद्र कोल के रूप में की गई है।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों वाहनों की तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। मौके से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित