बेमेतरा , जनवरी 24 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित सतनामी समाज के लोगों ने शनिवार को नवागढ़ थाना का घेराव कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपियों को संरक्षण देने की बात कही। प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 दिसंबर को नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पेंड्री में सतनामी समाज के दो युवकों को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की गई थी। इस मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की थी, लेकिन घटना को एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे समाज में गहरा रोष व्याप्त है।
सतनामी समाज ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित