पन्ना , दिसंबर 18 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक भीषण सड़क हादसे में पुलिस आरक्षक अजय भास्कर की मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर व्याप्त हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पन्ना कोतवाली में पदस्थ आरक्षक अजय भास्कर (45) अपनी मोटर साइकिल से कल देर शाम अमानगंज मार्ग की ओर निकले थे। इसी दौरान मझपहरा घाटी स्थित भैरव मंदिर के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

घटना के तुरंत बाद घायल आरक्षक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उनकी स्थिति गंभीर बनी रही और अंततः उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज पुलिस लाइन में पूरे सम्मान के साथ उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। विभागीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के पश्चात पार्थिव देह परिजनों को सौंप दी जाएगी। बताया गया है कि आरक्षक का अंतिम संस्कार उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में किया जाएगा। इस दुखद घटना से पन्ना पुलिस परिवार में शोक व्याप्त है। वरिष्ठ अधिकारियों सहित साथी कर्मचारियों ने उनके आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित