फिरोजाबाद , मार्च 07 -- फिरोजाबाद जिले के जसराना क्षेत्र में शनिवार को एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर बोलेरो और स्विफ्ट डिजायर कार की आमने-सामने टक्कर में बोलेरो चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। पुलिस ने बताया किएटा-शिकोहाबाद मार्ग पर सिरोला गांव के पास बोलेरो और स्विफ्ट डिजायर कार में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो पलट गई और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद स्विफ्ट डिजायर में सवार लोग मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान 24 वर्षीय उमेश कुमार निवासी गांव कुंवरपुर, थाना रिजोर जनपद एटा के रूप में हुई है। बताया गया है कि उमेश अपनी बोलेरो से जसराना की ओर जा रहा था, जबकि स्विफ्ट डिजायर कार एटा की दिशा से आ रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जाम की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी प्रेमप्रकाश पांडेय और नायब तहसीलदार नरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि स्विफ्ट डिजायर कार के चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित