बहराइच , जनवरी 21 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जनपद के कैसरगंज थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात करीब एक बजे गड़ियनपुरवा मंगलेमेला गोड़हिया नंबर दो मार्ग पर हुई। मृतक की पहचान संतोष पाल (38) निवासी गड़ियनपुरवा मंगलेमेला, थाना कैसरगंज के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि वह शौच के लिए गांव के दक्षिण दिशा की ओर गया था और लौटते समय ढलान पर सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पत्नी संगीता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि पवन यादव नामक व्यक्ति लापरवाही से ट्रैक्टर-ट्रॉली चला रहा था। टक्कर के बाद संतोष की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। संगीता ने मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी कैसरगंज राजेश शुक्ला ने बताया कि मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित