चंडीगढ़ , फरवरी 02 -- पंजाब आम आमदी पार्टी के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने सोमवार को कहा सरकार की रोड सेफ्टी फोर्स (एसएसएफ) के प्रयासों से राज्य में राजमार्ग पर दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 50 प्रतिशत तक की कमी आयी है।
श्री पन्नू ने बताया कि जब दो साल पहले एसएसएफ की शुरुआत की गयी थी, तो साल 2023 में पंजाब के राजमार्ग पर दुर्घटना में 1,955 मौतें हुई थीं। साल 2024 में यह आंकड़ा तेज़ी से घटकर 1,016 हो गया है, जिसका मतलब है कि एसएसएफ की वजह से सिर्फ़ एक साल में 940 कीमती जानें बचायी गयी हैं। जानलेवा दुर्घटनाओं के मामलों में लगभग 50 प्रतिशत की गिरावट देखी गयी है, जो पूरे पंजाब में राजमार्ग सेफ्टी में बड़े सुधार का इशारा है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि एसएसएफ के तहत लगभग 1,500 विशेष तौर पर प्रशिक्षित जवान फुल-टाइम तैनात किये गये हैं और उन्हें वी.आई.पी या किसी दूसरी ड्यूटी पर नहीं भेजा जाता है। राजमार्ग पर हर 30 किलोमीटर की दूरी पर पूरी तरह से लैस एसएसएफ गाड़ियां तैनात हैं, जो तेज़ी से कार्रवाई करतें है। नतीजतन, एसएसएफ की टीमें छह से आठ मिनट के अंदर हादसे वाली जगह पर पहुंच जाती हैं, जो विकसित देशों के बराबर रिस्पॉन्स टाइम है।
श्री पन्नू ने कहा कि ये गाड़ियां फर्स्ट-एड की सुविधाओं, बचाव उपकरण और कटरों से लैस हैं। जवानों को पीड़ितों को सुरक्षित निकालने और अस्पतालभेजने से पहले तुरंत मेडिकल मदद देने की प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि एसएसएफ की मौजूदगी से हादसे के बाद होने वाली लूटपाट भीलगभग खत्म हो गयी है, और राजमार्ग पर होने वाले दूसरे अपराधों में, खासकर रात के समय, में भी भारी कमी आयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित