बैतूल , दिसंबर 2 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आठनेर नगर के भैंसदेही रोड पर मंगलवार तड़के अज्ञात व्यक्तियों द्वारा विवाह समारोह का बचा हुआ बासा भोजन सड़क पर फेंक देने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भोजन पूरे मार्ग पर फैल जाने से दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो गए और सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। स्थिति यह रही कि मार्ग पर लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही और लोगों में इस लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली।

सूचना मिलते ही आठनेर नगर परिषद की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और पानी की मदद से सड़क की सफाई कर मार्ग को सुचारू कराया। सफाई कार्य पूरा होने के बाद यातायात पुनः शुरू हो सका। इधर, आठनेर पुलिस भोजन फेंकने वालों की तलाश में जुट गई है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित