नयी दिल्ली , दिसम्बर 23 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सड़क परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने में होने वाली देरी की समस्या के समाधान के लिए मंगलवार को यहां एक मार्गदर्शिका का विमोचन किया। यह मार्गदर्शिका देश के दूर-दराज और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में राजमार्गों एवं सामरिक सड़कों के निर्माण तथा रखरखाव का दायित्व निभाने वालेसीमा सड़क संगठन ने तैयार की है। डीपीआर एक व्यापक दस्तावेज होता है जिसमें परियोजना के अभियांत्रिकी डिजाइन, निर्माण पद्धति, क्रियान्वयन रणनीति, गुणवत्ता नियंत्रण तथा लागत विश्लेषण शामिल होते हैं।

सड़क संगठन ने यह मार्गदर्शिका डीपीआर तैयार करने के लिए विनिर्देशों, मानकों, दिशानिर्देशों एवं प्रक्रियाओं को समाहित करते हुए एक संक्षिप्त, व्यापक एवं एकरूप संदर्भ प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित की है। यह मार्गदर्शिका नई सड़क परियोजनाओं के निर्माण अथवा मौजूदा सड़क अवसंरचना के उन्नयन, दोनों ही स्थितियों में परियोजना की परिकल्पना के प्रत्येक चरण में अभियंताओं की सहायता करेगी।

इस मार्गदर्शिका का उद्देश्य अपर्याप्त रूप से तैयार डीपीआर के कारण होने वाली समय एवं लागत में वृद्धि की समस्याओं को दूर करना है। इससे रिपोर्टों की गुणवत्ता और एकरूपता में उल्लेखनीय सुधार होने की अपेक्षा है, जिससे परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। साथ ही, सुनियोजित योजना, तकनीकी सटीकता, गुणवत्ता आश्वासन एवं लागत-प्रभावशीलता के माध्यम से सीमा क्षेत्रों में रणनीतिक संपर्कता और सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित