भरतपुर , दिसम्बर 17 -- राजस्थान में भरतपुर के आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 पर मंगलवार को सड़क हादसे में मृत भरतपुर के नदबई थाना क्षेत्र में कोल्हूपुरा निवासी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) जवान मोहित (27) का बुधवार को उनके पैतृक गांव कोल्हूपुरा में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जवान की पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो जाने के साथ चारों तरफ मातम छा गया। मोहित को उसके बड़े भाई के बेटे ने मुखाग्नि दी। शोकाकुल माहौल में सीआईएसएफ के अधिकारियों, जवानों, स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीणों ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित करके श्रद्धांजलि दी।

जवान मोहित वर्ष 2021 में सीआईएसएफ में कॉन्स्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। वह पीपरवार, झारखंड में पदस्थ थे। मंगलवार को ड्यूटी से मोटरसाइकिल से अपने गांव लौटते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित