भोपाल , मार्च 03 -- मध्यप्रदेश में मऊगंज जिले के थाना मऊगंज क्षेत्र में डायल-112 जवानों की त्वरित और सजग कार्रवाई से सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक पुरुष एवं एक महिला को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया।
पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 02 मार्च को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि मऊगंज बाईपास के पास एक मोटर साइकिल को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है, जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही थाना मऊगंज में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
डायल-112 स्टाफ आरक्षक रजनीश यादव एवं पायलट प्रवेश चतुर्वेदी घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचे और स्थिति का आकलन कर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया। दोनों घायलों को बिना विलंब एफआरव्ही वाहन से सिविल चिकित्सालय मऊगंज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
पुलिस के अनुसार समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से संभावित गंभीर परिणामों को टाला जा सका। डायल-112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह कार्रवाई मध्यप्रदेश पुलिस की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित