सोनभद्र, मार्च 25 -- त्तर प्रदेश में सोनभद्र के करमा थान क्षेत्र में राबर्ट्सगंज मिर्जापुर मार्ग पर रात एक बजे दो मोटरसाइकिल के आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई जबकी दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार राबर्ट्सगंज मिर्जापुर मार्ग पर करकी ग्राम पंचायत के पास रात्रि में एक बजे दो मोटरसाइकिल की भीषण टक्कर हो गई। इस घटना में एक मोटरसाइकिल पर सवार जय सिंह पुत्र फूलचंद सिंह निवासी कुंभ मोकलपुर, जनपद जौनपुर तथा उनकी पत्नी सरिता सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार चालक चन्दू पुत्र रमेश कोल निवासी तिलौली थाना करमा जनपद सोनभद्र को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय लोढ़ी भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई और में बैठे कृष्णा पुत्र रामकेश कोल व अक्षय पुत्र देवशरण कोल निवासीगण सकाही थाना करमा जनपद सोनभद्र गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है।

घटना की सूचना पर थाना करमा पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही की गई। तीनों मृतकों के शव को पुलिस द्वारा कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस में रखवाया गया है तथा पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों एवं घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित