बतौली/सरगुजा , फरवरी 20 -- छत्तीसगढ़ में बतौली-शांतिपारा मार्ग पर कुनकुरी क्षेत्र में आज एक सड़क दुर्घटना में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई है जबकि दूसरा छात्र अनिकेत तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया है। दोनों छात्र 12वीं की परीक्षा में शामिल होने जा रहे थे।
पुलिस से शुक्रवार मिली जानकारी के अनुसार संतुलन खोने से केटीएम कंपनी के मोटरसाइकिल में सवार दो छात्रों का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन करीब 20 मीटर दूर सड़क के किनारे ट्रैक्टर मार्ग पर फिसलकर जा गिरी। हादसा बतौली और शांतिपारा के बीच कुनकुरी के समीप उस समय हुआ जब दोनों विद्यार्थी आत्मानंद स्कूल के परीक्षा देने के लिए जा रहे थे।
दुर्घटना में झेराडीह निवासी अनिकेत तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बेलकोटा निवासी मिशाक एक्का (17) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक मिशाक की पहचान उसके पिता चंदेश्वर एक्का के नाम से हुई है। घटना स्थल पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया है।
स्थानीय लोगों तथा दुर्घटना से घायल अनिकेत तिवारी पिता कुलदीप तिवारी के बयान के अनुसार दोनों छात्र 12वीं की परीक्षा में शामिल होने के लिए सुबह घर से निकले थे। उस मार्ग पर सड़क पर मकान निर्माण के कारण फैलाये गए गिट्टी एवं रेत के ढेर के कारण सड़क का संतुलन बिगड़ने से दोनों का वाहन फिसल गया। वाहन के नियंत्रण खोने के बाद यह बड़ा हादसा होने की वजह बनी।
घायल अनिकेत तिवारी को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है। स्थानीय अस्पताल के चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को गंभीर बताया है और कहा गया है कि परिवार से जुड़े लोग जल्द अस्पताल पहुंच रहे हैं।
बतौली थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क पर निर्माण सामग्री फैलाने तथा यातायात सुरक्षा के उचित प्रबंध न होने से हादसे की आशंका बढ़ जाती है। स्थानीय प्रशासन से आग्रह किया गया है कि ऐसे खतरनाक मार्ग पर उचित चेतावनी संकेत व सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किये जाएँ ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित